Sunday, 25 September 2016

धोनी : 60 देश, 4,500 स्क्रीन्स, क्या जलवा है


इस बात में कोई शक नहीं है कि अब सुशांत सिंह राजपूत के दिन फिरने वाले हैं। उन्हें पहली बार बडे परदे पर बडी सफलता मिलने वाली है। कारण है महेन्द्र सिंह धोनी, जिनकी बायोपिक में उन्होंने उनकी भूमिका निभाई है। इस फिल्म का प्रमोशन स्वयं महेन्द्र सिंह धोनी भी कर रहे हैं। दर्शकों में धोनी के क्रेज को देखते हुए यह फिल्म विश्व के 60 देशों में 4,500 स्क्रीन्स पर प्रदर्शित की जा रही है। यह बॉलीवुड की अब तक की सबसे बडी रिलीज होगी। जैसे-जैसे इसके प्रदर्शन के दिन नजदीक आते जा रहे हैं, वैसे-वैसे दर्शकों का इस फिल्म के प्रति क्रेज बढता जा रहा है। सुनियोजित प्रचार के बलबूते पर दर्शकों को अपनी ओर आकर्षित करने में सफल रही यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर एक बडा धमाका करने की तैयारी में है। पूर्वानुमानों के अनुसार यह फिल्म इस साल की सबसे बडी ओपनिंग लेने वाली साबित हो सकती है। जिसकी पूरी-पूरी उम्मीद की जा रही है। फॉक्स स्टार स्टूडियो’ के सीईओ ‘विजय सिंह’ जो इस फिल्म के निर्माता भी हैं, उनका कहना है कि यह फिल्म भारत और अंतरराष्ट्रीय स्तर में सबसे ज्यादा रिलीज होने वाली फिल्म होगी। साथ ही यह फिल्म तमिल और हिंदी में भी सबसे ज्यादा रिलीज होने वाली फिल्म होगी। खबरों की माने तो इस फिल्म को देखने के लिए लोग काफी उत्साहित हैं । इसका एक कारण यह भी है कि महेंद्र सिंह धोनी खुद इस फिल्म का प्रमोशन कर रहे हैं। नीरज पांडे द्वारा निर्देशित इस फिल्म में सुशांत के साथ दिशा पटानी और कियारा अडवाणी लीड रोल में हैं। फिल्म 30 सितंबर को रिलीज होगी।

No comments:

Post a Comment